जाम का झाम बनता जा रहा परेशानी का सबब

मुजफ्फरनगर, जेएनएन। शहर के कई मुख्य मार्गों पर जाम लोगों की परेशानी का सबब बना हुआ है। आए दिन जाम के झाम से लोगों को दो-चार होना पड़ता है। इस जाम से आम आदमी, व्यापारी, कारोबारी परेशान हैं। मिनटों का सफर घंटों में तय करना पड़ता है। जाम में स्कूली वाहन भी आग में घी डालने का काम कर रहे हैं।


यातायात माह चल रहा है। ट्रैफिक पुलिस भी लोगों को यातायात के नियमों के प्रति जागरुकता करने का काम कर रही है। इसके बाद भी शहर में जाम लगना आम बात हो रही है। शहर के बीच में कई नामचीन विद्यालय स्थित हैं। इनमें से कई कालेज तो संकरी गलियों में हैं। जब इन स्कूल-कॉलेजों की छुट्टी होती है तो शहर में भयंकर जाम लग जाता है। प्रतिदिन इस जाम को खोलने के लिए पुलिस को भी घंटों मशक्कत करनी पड़ती है। जाम को बढ़ावा देने में स्कूली वाहन भी पीछे नहीं हैं। शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके शिवचौक, झांसी रानी, टाउनहाल रोड, कोर्ट रोड, सदर बाजार, भगत सिंह रोड, अंसारी रोड आदि मार्गों पर जाम का बुरा हाल रहता है। आम आदमी जाम से जूझता रहता है। कुछ लोगों का कहना है कि यदि स्कूली वाहनों को संबंधित कालेज के मैदान में खड़ा किया जाए और वहीं से बच्चों को वाहन में बैठाकर चालू किया जाए तो जाम की समस्या से निजात पाई जा सकती है।